You are here

सेंट स्टॅनिसलॉस हाईस्कूल का शानदार हिंदी दिवस समारोह

 

"भारत माता के भाल की बिंदी राष्ट्रभाषा हिंदी"

हमारे विद्यालय में हिंदी भाषा के प्रति विद्यार्थियों में रुचि, प्रेम एवं जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से हिंदी सप्ताह का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। हिंदी सप्ताह के दौरान विद्यालय में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया तथा पूरे विद्यालय का वातावरण हिंदीमय रहा।

हिंदी सप्ताह के अंतर्गत प्रार्थना सभा का आयोजन हिंदी भाषा में किया गया। विद्यार्थियों ने हिंदी में प्रार्थना, सुविचार एवं अन्य गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता के साथ ही, पूरे विद्यालय परिसर में हिंदी भाषा से संबंधित आकर्षक चार्ट एवं संदेश लगाए गए, जिससे विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व और उसकी विशेषताओं के बारे में जानकारी प्राप्त हुई।

हिंदी सप्ताह के समापन के अवसर पर 29 सितंबर को हिंदी दिवस बड़े उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। कक्षा पाँचवीं से सातवीं तक के विद्यार्थियों के लिए कोरल रेसिटेशन (सामूहिक कविता वाचन) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता सुबह 9:00 बजे से 10:30 बजे तक आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रस्तुतियाँ दीं।

इसके पश्चात कक्षा आठवीं से दसवीं तक के विद्यार्थियों के लिए वक्तृत्व प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता सुबह 11:25 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर प्रभावशाली ढंग से अपने विचार प्रस्तुत किए तथा अपने वक्तृत्व कौशल का परिचय दिया।

इन प्रतियोगिता के लिए सेंट जोसेफ कान्वेंट हाईस्कूल ,विले परले ,से शिक्षिका रेखा शुक्ला जी तथा सेंट टेरेसा एजुकेशन इंस्टीट्यूट ,सांताक्रुज की शिक्षिका मेहविश मोहम्मद कुरैशी ने निर्णायकों का कार्य सुंदर ढंग से किया |

पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का उत्साह देखते ही बनता था। हिंदी दिवस के इस आयोजन ने विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति की भावना को बढ़ावा दिया।

इस प्रकार, हिंदी सप्ताह एवं हिंदी दिवस समारोह ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं सफल रहा। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा की समृद्धि और महत्ता को समझने का एक सुंदर अवसर प्रदान किया।